भोपाल । राजधानी में नीलबड़, रातीबड़, बड़झिरी मार्ग पर जल्द ही स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। मार्ग निर्माण पूरा होने के बाद यहां से लाल बसों का संचालन भी होगा। क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाएं जा रहे इस मार्ग का अवलोकन किया गया। शर्मा ने बताया कि सड़क के डिवाइडर पर स्ट्रीट लगाई जा रही हैं। साथ ही सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण भी कराया जाएगा। इस दौरान विधायक शर्मा ने कहा कि सड़क मार्ग पर आने वाले चौराहो को चौड़ा करने एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भोपाल नगर निगम द्वारा संचालित बीसीएलएल की लाल बस का संचालन नागरिको की सुविधा के लिए जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा। नीलबड़ तक आने वाली लाल बस बहुत जल्द ही रातीबड़-बड़झिरी तक जाएगी। लाल बस शुरू होने से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि विधायक रामेश्वर शर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री चौहान ने बस संचालन का दायरा बढ़ाने की घोषणा बीते दिनों एक सार्वजनिक कार्यक्रम में की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से ही निगम प्रशासन बस संचालन की दिशा में काम कर रहा है। बहुत जल्द ही इस मार्ग पर बस का संचालन किया जाएगा। रामेश्वर ने निगम प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दिसम्बर तक नल एवं सीवेज के कनेक्शन सौ प्रतिशत पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे नीलबड़ में अंदरूनी सड़कों का निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जा सके। सीवेज कनेक्शन की लेटलतीफी पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने संबंधितों को फटकार भी लगाई।
विधायक शर्मा ने लक्ष्मीबाई शॉपिंग काम्प्लेक्स के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शॉपिंग काम्प्लेक्स के ओर अधिक विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया जाए, जिससे साथ ही साथ और दुकानों सहित अन्य कार्य भी पूर्ण कर लिए जाएगा। उन्होंने नीलबड़ में मुक्तिधाम निर्माण के लिए शिव नगर बस्ती के पास स्थान का निरीक्षण किया। ज्ञात हो कि वर्तमान में हरिनगर स्थित नीलबड़ के पुराने श्मशान घाट जहां आसपास घनी बसाहट हो गई है। यहां श्मशान घाट की वजह से नागरिको को अनेक असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। अनेक बार यहां विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में यह निर्णय लिया गया है कि नीलबड़ के बरखेड़ा नाथू रोड स्थित शिवनगर बस्ती तालाब के समीप मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा।