भोपाल । मध्य प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को भी सरकार बड़ी सौगात देने वाली है। नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी सौगात देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कमर्चारियों को सौगात मिलेगी। शिवराज सरकार कर्मचारी हितैषी है। दीवाली के पहले कर्मचारियों को खुशखबरी मिलेगी।
माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गयी सरकारी जमीन पर अब गरीबों का हक होगा। सरकार ने ये बड़ा फैसला ले लिया है। इसके लिए प्रदेश में फिर से भू-माफिया के खिलाफ अभियान शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत इंदौर से हुई। गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने अपने सरकारी बंगले पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा माफिया से 10 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्ति मुक्त हुई है। इन जमीनों पर पहला हक गरीबों का है। इस अभियान को और गति से चलाया जाएगा। फिलहाल इसकी शुरुआत इंदौर से हो चुकी है। किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।
ये है सरकार का प्लान
मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार के दौरान सभी तरह के माफिया के खिलाफ अभियान शुरू किया गया था। सरकार के निशाने पर भू-माफिया खासतौर से था। 2 साल से जारी इस अभियान में अब तक 1500 भू माफिया के खिलाफ 8800 करोड़ की सरकारी जमीन मुक्त कराई जा चुकी है। इंदौर में सबसे ज्यादा 115 माफिया के अवैध भवनों और जमीन पर प्रशासन ने कार्रवाई की। उसके बाद ग्वालियर में 82, जबलपुर में 89 और भोपाल में 47 माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन जमीनों पर स्कूल, वृद्धाश्रम और सरकारी दफ्तर के साथ ग्रीन फील्ड विकसित करने के लिए कलेक्टर्स ने राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा है। उनके प्रस्ताव को राज्य शासन ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
फुके बल्बों से उजाला नहीं होगा
कांग्रेस की बैठक को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कांग्रेस अकेले कुछ करने लायक नहीं रही है। कमलनाथ छिंदवाड़ा में प्रदेश कार्यलय खोल लें। कांग्रेस में फुके बल्बों से उजाला नहीं होगा। मोदी के यूएस दौरे पर उन्होंने कहा किसी क्षेत्र को खाली नहीं छोड़ेंगे। केवल सेंसेक्स नहीं बल्कि देश पीएम के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। मां के लाल के पास देश का नेतृत्व है। पेगासस पर दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर कहा दिग्विजय सिंह ने तो सेना, सुप्रीम कोर्ट, धारा 370 पर भी सवाल उठाए, जहां देश को तोडऩे की बात होगी वहां चचाजान (दिग्विजय सिंह) जरूर बोलते हैं।