मध्य प्रदेश | बांधवगढ़ नेशनल पार्क में एक 57 साल के हाथी ने बच्चे को जन्म दिया है। फॉरेस्ट अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। इस हाथी का नाम अनारकली है। इसे 1978-79 में बिहार के सोनपुर पशु मेले से बांधवगढ़ नेशनल पार्क लाया गया था। पार्क के कंजरवेटर अलोक कुमार ने बताया कि अभी तक यह हाथी अनारकली कुल आठ बच्चों को जन्म दे चुकी है। 

नए बच्चे का नाम रखा गया है गायत्री
विशेषज्ञों के मुताबिक एक हाथी की औसत उम्र 40 से 65 साल की होती है। हथिनी के इस बच्चे के बारे में जानकारी देते हुए आलोक कुमार ने बताया कि इसका नाम गायत्री है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में यह बच्चा यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि अभी तक हाथी ने जितने बच्चे पैदा किए हैं, उनमें से चार बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। 

ड्यूटी करते हैं और छुट्टी भी मिलती है
फिलहाल बांधवगढ़ नेशनल पार्क में कुल 14 हाथी हैं। इन सभी से पूरे साल पैट्रोलिंग, टाइगर ट्रैकिंग समेत कई अन्य तरह के काम लिए जाते हैं। पिछले हफ्ते इन हाथियों को उनके रूटीन से अवकाश दिया गया था, ताकि वह हफ्ते भर की छुट्टी का मजा ले सकें। इस दौरान इन हाथियों को हर रोज नहलाया जाता था, साफ-सुथरा किया जाता था। इसके बाद उन्हें चंदन के पाउडर से सजाया जाता था। इसके बाद उन्हें केला, सेब, गन्ना जैसे उनके पसंदीदा खाने दिए जाते थे।