9 से होगा हर बूथ पर कन्यापूजन, चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में हुआ निर्णय


भोपाल । भाजपा उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेगी इसके लिए पार्टी ने कार्यक्रम तैयार किए हैं। उपचुनाव वाले क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता 9 अक्टूबर से बूथ स्तर तक घर घर पहुंचकर कन्या पूजन करेंगे और उनसे विजय का आशीर्वाद लेंगे। कन्या पूजन का यह कार्यक्रम 13 अक्टूबर तक चलेगा। यह जानकारी चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं प्रदेश शासन के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने समिति की बैठक के पश्चात मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा 8 अक्टूबर को पृथ्वीपुर एवं रैगांव पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी का नामांकन पत्र दाखिल करवाएंगे।  उपचुनाव की तैयारियों को लेकर गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पंडित दीनदयाल परिसर में चुनाव प्रबंध समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक को समिति के संयोजक एवं सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह एवं सह संयोजक पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने संबोधित किया। समिति सदस्यों ने उपचुनाव को लेकर तैयार कार्यक्रमों के विषय में विस्तृत चर्चा की।


10 तक सभी मंडलों में शुरू हो जाऐंगे चुनाव कार्यालय
भूपेंद्र सिंह ने उपचुनाव के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के कार्यकर्ता खंडवा लोकसभा और जोबट, पृथ्वीपुर के साथ रैगांव विधानसभा के उपचुनाव में बूथ स्तर तक संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 9 से 13 अक्टूबर के बीच उपचुनाव वाले क्षेत्रों में बूथ स्तर तक कन्या पूजन के कार्यक्रम होंगे। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर कन्या पूजन कर उनसे विजय का आशीर्वाद लेंगे। सिंह ने बताया कि चुनाव वाले क्षेत्रों में जिन मंडलों में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ बाकी है, 10 अक्टूबर तक उन सभी मंडलों में चुनाव कार्यालय शुरू हो जाऐंगे।


हर विधानसभा में होगी वरिष्ठ नेताओं की सभाएं
सिंह ने बताया कि खंडवा लोकसभा सीट की सभी विधानसभाओं एवं जोबट, रैगांव एवं पृथ्वीपुर विधानसभा में कम से कम 7 सभाएं होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं मध्यप्रदेश के केंद्रीय मंत्रियों के साथ वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग सभाएं होगी। उन्होंने बताया कि 10 से 14 अक्टूबर के बीच मंडलों एवं ग्राम केन्द्र, नगर केन्द्र के सम्मेलन होंगे। 15 अक्टूबर को विजयादशमी पर्व पर बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता घर-घर विजय ध्वज के रूप में पार्टी का झंडा लगाकर विजय का संकल्प लेंगे।