भोपाल : प्रमुख सचिव संस्कृति और पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार का वर्ष 2019 और भटके विमुक्त सामाजिक संस्था का वर्ष 2020 के लिए राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान समारोह का आयोजन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे रविंद्र भवन में किया जाएगा। समारोह में हरिद्वार में स्थापित अखिल विश्व गायत्री परिवार और मोरीबली (ठाणे) में स्थापित भटके विमुक्त सामाजिक संस्था को 10 लाख रुपए की आय कर मुक्त सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका, शॉल और श्रीफल प्रदान किए जाएंगे। 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृति में गांधी विचार दर्शन के अनुरूप समाज में रचनात्मक पहल, साम्प्रदायिक सद्भाव एवं सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन ने वर्ष 1995 में यह सम्मान स्थापित किया गया था। राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान किसी भी संस्था के लिए प्रदान किए जाने वाला मध्यप्रदेश का बड़ा सम्मान है।