रायपुर। प्रदेश की सड़कों पर बिना टैक्स पटाये वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। इन वाहनों का करीब तीन सौ करोड़ से अधिक का राजस्व बकाया है। वाहन संचालकों से परिवहन विभाग टैक्स वसूलने में फेल साबित हो रहा है। अब परिवहन विभाग वन टाइम सेटलमेंट नामक स्कीम शुरू करने जा रहा है। इसके तहत वाहन मालिकों से परिवहन विभाग द्वारा जुर्माने की राशि में छूट दी जा रही है। वाहन स्वामी को वाहन का टैक्स और ब्याज की राशि अदा करनी पड़ेगी।वन टाइम सेटलमेंट योजना के बाद भी यदि वाहन मालिक टैक्स जमा नहीं करते हैं तो उनकी सूची बनाकर विभागीय कार्यालय में चस्पा करने के साथ विभाग की वेबसाइट में अपलोड की जाएगी। साथ ही उनके वाहन का पंजीयन रद कर दिया जाएगा। राशि वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन मुख्यालय में मंगलवार को प्रदेश भर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। प्रदेशभर में पांच लाख से अधिक संख्या में व्यावसायिक वाहन दौड़ रहे हैं। परिवहन विभाग एक साल में 25 अरब से अधिक का टैक्स वसूलता है। पिछले साल की ऑडिट रिपोर्ट में सामने आया कि प्रदेशभर के वाहन संचालकों द्वारा कई सालों से टैक्स की राशि जमा नहीं की जा रही है। इस कारण प्रदेशभर में करीब तीन सौ करोड़ बकाया हो गया है।