बिलासपुर | बिलासपुर कांग्रेस समिति में गुटबाजी और विवाद सतह पर आ गए हैं। समिति ने गुरुवार को अनुशासनहीनता के आरोप में अपनी ही पार्टी के विधायक शैलेष पांडेय के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित कर दिया। जानकारी के अनुसार विधायक को निकालने का फैसला एक बंद कमरे में करीब साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक में लिया गया।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक ने इसे लेकर कहा कि विधायक शैलेष पांडेय ने कोतवाली में हंगामा किया था और खुद के टीएस सिंहदेव का समर्थक होने की बात कही थी। यह पार्टी विरोधी गतिविधि है। समिति ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का फैसला किया है और इस प्रस्ताव पर एकमत होकर से मुहर लगाई है। पांडेय के खिलाफ पुलिस ने भी एक मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि पांडेय और बिलासपुर कांग्रेस समिति के पदाधिकारियों के बीच लंबे समय से अनबन चल रही है। पहले भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते आए हैं। पांडेय की गिनती टीएस सिंहदेव के समर्थकों में होती है। कांग्रेस शहर समिति का आरोप है कि पांडेय के समर्थकों ने कोतवाली में भी मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी की थी।